सिकंदराराऊ से 100 बसों में रवाना हुए हज़ारों श्रद्धालू,51 वी भव्य गंगा स्नान यात्रा का हुआ शुभारंभ

0
7

 

सिकंदराराऊ।हाथरस रोड स्थित रामवती कुंज में श्रवण गंगा सेवा समिति के तत्वावधान में 51वीं भव्य गंगा स्नान यात्रा एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्र सहित आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया।

कार्यक्रम के आयोजक सूर्य प्रताप सिंह “सूरज” ने बताया कि समिति द्वारा कई वर्षों से निरंतर गंगा सेवा एवं गंगा स्नान यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ और मां गंगा की कृपा से उन्हें श्रद्धालुओं की सेवा का अवसर मिल रहा है। इस वर्ष सिकंद्राराऊ से निकाली गई गंगा स्नान यात्रा में करीब 100 से अधिक बसों के माध्यम से हजारों श्रद्धालु गंगा स्नान के लिए रवाना हुए।

यात्रा के शुभारंभ से पूर्व सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरे भक्तिभाव के साथ सहभागिता की। यात्रा के दौरान मां गंगा और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में परम पूज्य योगेशपुरी जी महाराज, हरिहर पुरी महाराज, भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता माधवी अग्रवाल तथा भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रामवीर सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और धार्मिक जागरूकता को बढ़ावा देने वाला बताया।

सूर्य प्रताप सिंह ने कहा कि यात्रा का उद्देश्य समाज के सभी वर्गों के लोगों को बिना किसी भेदभाव के मां गंगा के दर्शन और स्नान का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता, बल्कि सेवा भावना के साथ उन्हें गंगा धाम तक पहुंचाया जाता है।

पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, सेवा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। आयोजकों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की गईं, जिससे यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here