हाथरस। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष अनुराग अग्निहोत्री ने नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी को एक ज्ञापन सौंपते हुए स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थापित किए जाने हेतु नगर पालिका क्षेत्र में भूमि उपलब्ध कराने की मांग की है।
ज्ञापन में अनुराग अग्निहोत्री ने बताया कि पूज्य स्वामी विवेकानंद जी का अपनी ऐतिहासिक यात्रा के दौरान हाथरस में ठहराव रहा है। स्वामी विवेकानंद जी देशभर के युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं और हाथरस जनपद में भी हजारों युवा उन्हें अपना आदर्श मानते हैं।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा महापुरुषों के सम्मान में उनकी प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री से भी स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थापित कराने का अनुरोध किया गया है। साथ ही पर्यटन मंत्री से भी इस संबंध में आग्रह किया गया, जिनके माध्यम से यह आश्वासन मिला है कि भूमि उपलब्ध कराए जाने पर प्रतिमा स्थापना का कार्य किया जाएगा।
युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष ने जनपद के युवाओं की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी से नगर पालिका क्षेत्र में भूमि उपलब्ध कराकर स्वामी विवेकानंद जी की प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की है।







