हाथरस:मुख्य विकास अधिकारी पी.एन. दीक्षित ने बताया कि जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय में डिजिटल लाइब्रेरी के लिए उपलब्ध कराई गई पुस्तकों के सैंपल का अवलोकन किया गया। इन डिजिटल लाइब्रेरियों में कुल 301 प्रकार की पुस्तकें रखी जा रही हैं, जिनमें पुलिस, सेना, नौसेना, सिविल सेवा, SSC, UP-TET, दरोगा भर्ती सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित प्रश्न पत्र, क्वेश्चन बैंक और गाइड शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराना तथा ग्राम पंचायत स्तर पर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना है। इससे युवाओं को अपने गांव के निकट ही अध्ययन की सुविधा मिल सकेगी और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद मिलेगी।
जनपद की जिन ग्राम पंचायतों में 3 से 4 कमरे उपलब्ध थे, वहां डिजिटल लाइब्रेरी स्थापित की गई हैं। लाइब्रेरियों को बाहर से पेंटिंग के माध्यम से स्पष्ट रूप से चिन्हित किया गया है। छात्रों की सुविधा के लिए टेबल, कुर्सी, अलमारी, पंखे, पेयजल तथा शौचालय जैसी आवश्यक सुविधाओं की भी व्यवस्था की गई है।
प्रशासन का मानना है कि डिजिटल लाइब्रेरी की यह पहल ग्रामीण युवाओं के शैक्षणिक और प्रतियोगी भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।









