हाथरस की सादाबाद थाना पुलिस ने दहेज उत्पीड़न और आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर अपनी पत्नी को अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप है, जिसके चलते महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार आगरा जनपद के मलपुरा थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार चाहर ने सादाबाद थाने में तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन की शादी वर्ष 2002 में सादाबाद क्षेत्र के गांव दगसह निवासी रविंद्र सिंह के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद संतान न होने पर पति, जेठ और जिठानी अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर महिला का लगातार उत्पीड़न करते थे।
वादी के मुताबिक लगातार प्रताड़ना और मारपीट से परेशान होकर उसकी बहन ने दो जून की रात संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर जान दे दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर सादाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी रविंद्र सिंह को नौगांव बंबा के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है, जबकि मामले की आगे की जांच जारी है।







