दर्शना फाटक के पास रेलवे लाइन के किनारे मिले युवक और युवती के शवों की हुई पहचान

0
37

 

हाथरस। थाना मुरसान क्षेत्र में मथुरा-कासगंज रेलवे ट्रैक पर गांव दर्शन फाटक के पास रेलवे लाइन के किनारे मिले युवक और युवती के शवों की पहचान हो गई है। सूचना मिलने पर दोनों के परिजन पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। ग्वालियर से पहुंची पुलिस टीम ने जांच के दौरान मृतकों की पहचान 18 वर्षीय रिया कुशवाहा पुत्री कल्याण सिंह निवासी बतारिया का पुरा, गिरवाई नाका पुलिस चौकी क्षेत्र, ग्वालियर तथा 25 वर्षीय आनंद कुशवाहा पुत्र भोलो कुशवाहा निवासी सोजना, थाना तिघरा, ग्वालियर के रूप में की। रिया कक्षा नौ की छात्रा थी, जबकि आनंद एक बेटी का पिता था।

पुलिस के अनुसार दोनों 31 मई से अपने घरों से लापता थे। रिया की गुमशुदगी भी ग्वालियर में दर्ज कराई गई थी। जांच में सामने आया है कि रिया घर से कृष्ण पुत्र भगवानदास के साथ निकली थी, जो आनंद का मित्र बताया जा रहा है। बाद में आनंद रिया को अपने साथ ले गया, जबकि कृष्ण उन्हें छोड़कर वापस ग्वालियर लौट गया। पुलिस के अनुसार कृष्ण नाबालिग है और उससे भी मामले में पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई या फिर उनकी हत्या कर शवों को रेलवे ट्रैक पर फेंका गया। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here