हाथरस। बागला जिला अस्पताल परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ओपीडी और दवा वितरण कक्ष के पास बने स्टोर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख अस्पताल में मौजूद मरीजों, तीमारदारों और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि स्टोर रूम में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की चपेट में आने से स्टोर रूम में रखा सामान जलकर खाक हो गया। अस्पताल प्रशासन ने तत्काल क्षेत्र को खाली कराया और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
घटना की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है, जबकि आग लगने के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।







