विधवा पेंशन के लिए 11 महीने से भटक रही महिला की डाकघर की सीढ़ियों पर मौत,बेटी ने डाकघर के कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस से की शिकायत

0
6

 

हाथरस।पति की मौत के बाद पेंशन, फंड और अन्य देयकों के निस्तारण के लिए करीब 11 महीने से अधिकारियों के चक्कर लगा रही एक महिला की मुख्य डाकघर की सीढ़ियों पर चढ़ते समय मौत हो गई। घटना के बाद मृतका की बेटी ने डाक विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, शाखा गन्तरि कचौरा के ब्रांच पोस्ट मास्टर रहे रामसेवक दीक्षित के निधन के बाद उनकी पत्नी राधादेवी पेंशन और अन्य विभागीय देयकों की प्रक्रिया पूरी कराने के लिए लगातार डाक विभाग के चक्कर लगा रही थीं। मृतका की बेटी श्रेया दीक्षित का आरोप है कि 3 जून को सूचना मिलने के बाद वह 4 जून को अपनी मां को लेकर मुख्य डाकघर पहुंची थीं।

श्रेया के अनुसार, कार्यालय में मौजूद सहायक कर्मचारी रिंकू ने उन्हें ऊपर स्थित कार्यालय में आने के लिए कहा। उन्होंने कर्मचारी को बताया था कि उनकी मां की तबीयत ठीक नहीं है और वह सीढ़ियां नहीं चढ़ सकतीं, इसके बावजूद उन्हें ऊपर आने के लिए कहा गया। आरोप है कि सीढ़ियां चढ़ते समय राधादेवी को अचानक हार्ट अटैक आ गया और उनकी डाकघर की सीढ़ियों पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद श्रेया दीक्षित ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा को शिकायत देकर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी गई शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना ने सरकारी कार्यालयों में बुजुर्गों और बीमार लोगों के प्रति संवेदनशीलता तथा सुविधाओं की उपलब्धता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं, परिजन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई और न्याय की मांग कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here