हाथरस।उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के अंतिम दिन जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीवनाथ सिन्हा ने पी.सी. बागला इंटर कॉलेज और पी.सी. बागला डिग्री कॉलेज परीक्षा केंद्रों का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सीसीटीवी कंट्रोल रूम और स्ट्रांग रूम का जायजा लिया तथा कैमरों के माध्यम से परीक्षा कक्षों की गतिविधियों की निगरानी की। इसके बाद विभिन्न परीक्षा कक्षों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए सभी केंद्रों पर अभ्यर्थियों के लिए शुद्ध पेयजल, छायादार प्रतीक्षा स्थल, बैठने की व्यवस्था और मेडिकल टीम की तैनाती सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई जा रही है।
डीएम ने बताया कि जिला प्रशासन और पुलिस विभाग के बेहतर समन्वय तथा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के चलते परीक्षा सभी केंद्रों पर सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था भी सुचारू रखी गई, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।







