अज्ञात वाहन ने कार को मारी टक्कर,दो लोग हुए घायल

0
11

हाथरस। आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग 93 पर सासनी के कंकाली मंदिर के पास मंगलवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आईं। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, मुरादाबाद निवासी सलीम (पुत्र तस्लीम) अपने मित्र ताहिर (पुत्र आमीन) और तीन अन्य साथियों के साथ कार द्वारा आगरा से वापस मुरादाबाद लौट रहे थे। मंगलवार रात करीब 9 बजे जैसे ही उनकी कार सासनी क्षेत्र में कंकाली मंदिर के पास पहुँची, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने कार को अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए और तुरंत मामले की सूचना पुलिस व एम्बुलेंस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से सासनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सलीम और ताहिर की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here