हाथरस।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद भाजपा सांसद अनूप प्रधान ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोडवेज बस और ई-रिक्शा में सफर कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया।
जानकारी के अनुसार भाजपा सांसद अनूप प्रधान अपने अलीगढ़ स्थित आवास से रोडवेज बस में सफर कर हाथरस बस स्टैंड पहुंचे। इसके बाद उन्होंने बस स्टैंड से ई-रिक्शा के माध्यम से अपने कार्यालय तक यात्रा की। इस दौरान आम लोगों ने सांसद को सार्वजनिक परिवहन में सफर करते देखा तो उनकी इस पहल की सराहना की।
सफर के दौरान सांसद अनूप प्रधान ने यात्रियों और आम जनता से बातचीत करते हुए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने से ईंधन की बचत होगी, प्रदूषण कम होगा और यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनेगी।
भाजपा सांसद की इस पहल को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई यात्रियों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा इस तरह की पहल किए जाने से लोगों को सकारात्मक संदेश मिलता है और सार्वजनिक परिवहन के प्रति जागरूकता बढ़ती है।









