सिकंद्राराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस समय हलचल मच गई जब जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय उपचार के लिए वहां पहुंचीं। गांव तुरतीपुर में शोक संवेदना व्यक्त करने गईं सीमा उपाध्याय गाड़ी में बैठते समय अचानक गिर गईं, जिससे उनके हाथ में चोट लग गई। इसके बाद उन्हें तत्काल सीएचसी सिकंद्राराऊ लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उपचार शुरू किया।
जानकारी के अनुसार, 10 जून को जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय गांव तुरतीपुर में रामेश्वर यादव पहलवान के ताऊ जी के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंची थीं। कार्यक्रम से लौटते समय गाड़ी में बैठने के दौरान उनका पैर ऊंची-नीची जगह पर पड़ गया और वह असंतुलित होकर गिर गईं। गिरने से उनके हाथ में तेज दर्द होने लगा।
घटना के तुरंत बाद उनकी टीम उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंद्राराऊ लेकर पहुंची। पहले से सूचना मिलने के कारण चिकित्सकों की टीम पूरी तरह तैयार थी। अस्पताल पहुंचते ही उनका एक्स-रे कराया गया और चिकित्सकों ने चोट का आकलन कर उपचार शुरू कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य और स्थिर है। सीमा उपाध्याय ने आगे का उपचार आगरा में कराने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों का कहना है कि उनकी हालत में लगातार सुधार है।
इस दौरान उनके समर्थकों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की स्वास्थ्य सेवाओं और डॉक्टरों की कार्यशैली की सराहना की। समर्थकों का कहना है कि अस्पताल में त्वरित और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था देखने को मिली, जिससे वे पूरी तरह संतुष्ट हैं।
उपचार के दौरान डॉक्टर पवन राजपूत, डॉक्टर आर.के. वर्मा सहित चिकित्सा टीम मौजूद रही। वहीं तहसीलदार सोनू बघेल और थाना प्रभारी शिवकुमार शर्मा भी मौके पर उपस्थित रहे।







