सासनी। शनिवार को दाऊ जी गौशाला में अलीगढ़ मंडल की कमिश्नर संगीता सिंह, डीएम अतुल वत्स और एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने ‘एक वृक्ष मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण किया। इस दौरान कमिश्नर ने गौ माता की पूजा कर आशीर्वाद लिया और गौशाला के कार्यों की सराहना की।
डीएम अतुल वत्स ने बताया कि खराब पड़े नालों के पाइपों का उपयोग कर इस गौशाला का निर्माण कराया गया है, जिससे बजट और वेस्ट मटेरियल दोनों की बड़ी बचत हुई है। साथ ही यहाँ गोवंश के लिए 115 बाई 60 फीट का भव्य टिन शेड भी डाला गया है। कमिश्नर ने इसे जिले की पहली ऐसी शानदार गौशाला बताते हुए इस बेहतरीन कार्य के लिए बीडीओ सुरेंद्र सिंह और पंचायत सचिव विदेश शर्मा के प्रयासों की विशेष सराहना की।







