हाथरस। थाना सादाबाद क्षेत्र के अलीगढ़ आगरा नेशनल हाईवे पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई भिड़ंत में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब 32 वर्षीय मनोज पुत्र बाबूलाल निवासी गांव गढ़ी गुमानी, थाना सादाबाद, कस्बा सादाबाद से अपने गांव बाइक द्वारा लौट रहा था। रास्ते में उसकी बाइक की दूसरी बाइक से जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज के सिर में गंभीर चोट लग गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक सवार भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए। बताया गया है कि मनोज निजी वाहन चालक के रूप में कार्य करता था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।







