हाथरस शहर के नगला चौबे क्षेत्र के दर्जनों निवासी गुरुवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और अपनी विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन ओसी कलेक्ट्रेट को सौंपा।
ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि उनके मोहल्ले में लंबे समय से जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। इसके अलावा सड़कों की हालत भी बेहद खराब है, जिससे लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका प्रशासन से शिकायत की, लेकिन आज तक समस्याओं का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि बरसात के दिनों में हालात और भी खराब हो जाते हैं। सड़कों पर पानी भरने से लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है और गंदगी के कारण बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है।
नगर पालिका की अनदेखी से नाराज लोगों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करने को मजबूर होंगे।







