हाथरस। मथुरा-बरेली हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक परिवार का इकलौता चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के गांव ओंधुआ के निकट 19 वर्षीय बाइक सवार की डिवाइडर से टकराने के बाद मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान केशव जोशी पुत्र संजय जोशी निवासी जोशी टोला, ठेका पुलिस चौकी क्षेत्र, जनपद पीलीभीत के रूप में हुई।
बताया गया है कि केशव मथुरा की एक कंपनी में नौकरी करता था और ड्यूटी समाप्त कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान हाथरस जंक्शन क्षेत्र में उसकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन हाथरस पहुंच गए। इकलौते बेटे की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया है कि केशव अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था तथा उसकी दो छोटी बहनें हैं। जवान बेटे की असमय मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है।







