जनपद हाथरस की थाना सादाबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ऑटो में महिला का मंगलसूत्र और एसबीआई बैंक परिसर में बैग से रुपये चोरी करने वाली शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 29 मई 2026 को सादाबाद क्षेत्र की रहने वाली एक महिला अपने बच्चे की दवा लेने आगरा जा रही थीं। रास्ते में टैम्पो चालक और उसमें बैठी महिला सवारियों ने उन्हें जबरन वाहन से उतार दिया। बाद में महिला को पता चला कि उनके गले से सोने का मंगलसूत्र चोरी कर लिया गया है।
वहीं, 16 अप्रैल 2026 को भारतीय स्टेट बैंक सादाबाद शाखा से दो लाख तीन हजार रुपये निकालने वाले एक व्यक्ति के बैग से एक लाख रुपये चोरी कर लिए गए थे। यह पूरी घटना बैंक के सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई थी।
इन दोनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक हाथरस चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर थाना सादाबाद पुलिस ने जांच शुरू की। संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान सीस्ता कट के पास पुलिस ने घटना में प्रयुक्त टैम्पो संख्या यूपी 80 डीटी 2628 को रोककर कार्रवाई की।
पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनमें शाहरुख पुत्र निजाम निवासी शाहगंज, आगरा तथा दो महिलाएं शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी की घटनाओं से संबंधित 63 हजार 700 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त टैम्पो बरामद किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे विभिन्न जनपदों में इस प्रकार की चोरी की वारदातों को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि सादाबाद में चोरी किया गया मंगलसूत्र आगरा के रामबाग क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति को पचास हजार रुपये में बेच दिया गया था।
फिलहाल पुलिस आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ-साथ आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।







