हाथरस।लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर इगलास रोड बाईपास चौराहा स्थित श्री राजमोहन फार्म हाउस में भव्य कार्यक्रम एवं शोभायात्रा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
हाथरस सांसद अनूप वाल्मीकि, सदर विधायक अंजुला माहौर, जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय एवं ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं और वृद्धजनों को सम्मानित भी किया गया।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जीवन, संघर्ष और समाज सेवा के कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से सनातन संस्कृति के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने बताया कि मुगल आक्रांताओं द्वारा ध्वस्त किए गए अनेक मंदिरों का पुनर्निर्माण कर अहिल्याबाई होल्कर ने कश्मीर से कन्याकुमारी तक धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान दिलाई, उन्होंने उन्हें आध्यात्मिकता, धर्म, कर्म और सुशासन का अद्भुत संगम बताया।
केंद्रीय मंत्री ने समाज के लोगों से अपने बच्चों को शिक्षित करने की अपील करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता और सशक्तिकरण की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने जीवन में आगे बढ़ने के लिए जोखिम लेने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।







