हाथरस। सीमा सुरक्षा बल (BSF) में तैनात एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। जवान के निधन की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार थाना हाथरस गेट क्षेत्र के नगला अलगर्जी निवासी 50 वर्षीय रघुवीर सिंह पुत्र भीमसेन वर्तमान में बीएसएफ में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और दिल्ली में तैनात थे। ड्यूटी के दौरान उनकी अचानक तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान बीती रात उनका निधन हो गया।
बीएसएफ अधिकारियों द्वारा रघुवीर सिंह के पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव नगला अलगर्जी लाया गया। गांव पहुंचते ही पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला-पुरुष उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई देने पहुंचे। बीएसएफ के कमांडेंट एवं जवानों द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी गई, जिसके बाद पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
रघुवीर सिंह के निधन से गांव में शोक का माहौल है। वे अपने पीछे पत्नी, दो पुत्र एवं एक पुत्री को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।







