हाथरस। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जनपद में चलायी जा रही एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के तहत बीएलओ अपने-अपने बूथ क्षेत्रों में ऐसे मतदाताओं को नोटिस जारी कर रहे हैं, जिनके नाम मतदाता सूची अथवा संबंधित फॉर्म में दर्ज नहीं पाए गए हैं। इस प्रक्रिया को लेकर जिले के कई इलाकों से लोगों की समस्याएं सामने आ रही हैं।
ताज़ा मामला शहर स्थित श्री रामबाग इंटर कॉलेज मतदान केंद्र का है। मोहल्ला रमनपुर निवासी बड़ी संख्या में लोग अपने निर्धारित बूथ श्री रामबाग इंटर कॉलेज पहुंचे, जहां उन्होंने बीएलओ को बताया कि उन्हें नोटिस प्राप्त हुए हैं, लेकिन नोटिस जमा करने का निर्धारित स्थान उनके निवास स्थान से लगभग चार किलोमीटर दूर रखा गया है।
लोगों का कहना है कि नोटिस प्राप्त करने वालों में कई बुजुर्ग, दिव्यांग और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। ऐसे में उनके लिए इतनी दूरी तय कर नोटिस प्रक्रिया पूरी करना बेहद कठिन हो गया है। लोगों ने यह भी बताया कि उन्हें सुबह से अपना कामकाज छोड़कर दूर जाना पड़ रहा है, जिससे रोजमर्रा की परेशानियां बढ़ गई हैं।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नोटिस जमा करने का स्थान दूर के केंद्रों के बजाय संबंधित बूथ या उसके आसपास ही निर्धारित किया जाए, ताकि आम मतदाताओं को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
लोगों का कहना है कि यदि जिला प्रशासन जनता की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए संबंधित नोडल अधिकारी एवं जिम्मेदार अधिकारियों को निर्देश दे, तो बूथ स्तर पर ही नोटिस फॉर्म जमा करने की व्यवस्था की जा सकती है। इससे मतदाताओं को काफी राहत मिलेगी और प्रक्रिया भी सुगम हो सकेगी।







