हाथरस। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव राय द्वारा मुख्यमंत्री आरोग्य मेला एवं स्वास्थ्य सेवाओं के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर और सलेमपुर का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीनगर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर ललितेश अनुपस्थित पाए गए, जिस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उनका एक दिन का वेतन आहरित न किए जाने के निर्देश दिए। वहीं मानवेंद्र सिंह फार्मासिस्ट और मयंक वार्ड बॉय उपस्थित मिले।
केंद्र पर साफ-सफाई और पेयजल व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। ओपीडी में कुल 14 मरीजों का उपचार किया जा चुका था, जिनमें दो मरीजों की ब्लड शुगर और हाइपरटेंशन की जांच तथा एक मरीज की मलेरिया जांच की गई। ईडीएल मानक के अनुसार 195 दवाओं के सापेक्ष 188 दवाएं उपलब्ध पाई गईं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने फार्मासिस्ट को ओपीडी में मरीजों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।
इसके बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर का निरीक्षण किया गया, जहां डॉक्टर नीलम प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, अमृता सिंह स्टाफ नर्स और चंद्रभान सिंह फार्मासिस्ट उपस्थित पाए गए। ओपीडी में आए कुल 17 मरीजों को दवा देकर उपचारित किया जा चुका था। एक मरीज की एएनसी तथा एक मरीज की ब्लड शुगर जांच की गई थी। इसके अलावा चार कुत्ता काटने के मरीजों को रेबीज वैक्सीन लगाई जा चुकी थी। केंद्र पर साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा दवाओं की उपलब्धता संतोषजनक पाई गई। ईडीएल मानक के अनुरूप 188 दवाएं उपलब्ध थीं। साथ ही मलेरिया, डेंगू, हीमोग्लोबिन और हेपेटाइटिस जैसी बीमारियों की जांच के लिए आरडीटी किट भी उपलब्ध मिली।









