हाथरस।न्याय पंचायत कुरसंडा क्षेत्र के गांव कुरसंडा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इस मेले में 78 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। हालांकि, मेले में रोग विशेषज्ञ डॉक्टरों और आवश्यक उपकरणों की कमी के कारण गरीब मजदूर वर्ग के मरीजों ने खुद को ठगा हुआ महसूस किया।
सरकार द्वारा यह योजना गरीब मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू की गई है। मेले में जांच के बाद कुल 78 मरीजों को दवाएं दी गईं। बदलते मौसम के कारण मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी देखी गई। इलाज के लिए आए मरीजों में बुखार, खांसी, दर्द, जुकाम, अस्थमा, खुजली, दाद और डायरिया के मामले अधिक थे।
डॉ. जगदीश प्रसाद ने बताया कि बदलते मौसम के कारण बीमारियों में वृद्धि हो रही है। उन्होंने लोगों को सावधानी बरतने और धूप में कम से कम निकलने की सलाह दी। यदि धूप में निकलना आवश्यक हो, तो सिर को कपड़े से ढकने या हेलमेट पहनने जैसे उपाय करने चाहिए।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरसंडा में डॉ. जगदीश प्रसाद के साथ फार्मासिस्ट पारस बाबू भी मौजूद रहे। मेले में रामगोपाल, सुरेंद्र सिंह, गीता देवी, राजकुमारी, रवि राज, बलवीर सिंह, नीरज और गगन कुमार सहित कई मरीज उपस्थित थे।









