सिकन्दराराऊ में कर्मयोग सेवा संघ और साइंस एजुकेशन पॉइंट के संयुक्त तत्वावधान में ममता फार्म हाउस में प्रतिभा सम्मान समारोह और भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के करीब 160 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्योगपति रवि चौहान ने कहा कि प्रतिभाओं का विकास प्रोत्साहन से होता है। ऐसे आयोजनों से युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है और अन्य विद्यार्थियों के लिए भी उदाहरण प्रस्तुत होता है। कार्यक्रम की अध्यक्षता नरेंद्र सिंह पुंढीर ने की, जबकि संचालन विवेकशील राघव और शिवम आजाद ने संयुक्त रूप से किया।
विशिष्ट अतिथि खुशबू यादव उर्फ राजरानी ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आने वाली पीढ़ियों को सही दिशा देने का काम करते हैं। सम्मान समारोह में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह और फूलमाला देकर सम्मानित किया गया।
इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में कई प्रसिद्ध कवियों ने अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेश प्रताप गांधी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया।









