हाथरस : हाथरस गेट कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला विद्यानगर में बीती रात एक युवक का शव उसके कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई, वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
मृतक की पहचान 32 वर्षीय मनोज पुत्र राम सिंह निवासी विद्यानगर के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि मनोज मेहनत-मजदूरी का काम करता था और बीती रात घर आकर सो गया था। सुबह काफी देर तक नहीं उठने पर परिजनों ने देखा तो वह मृत अवस्था में पड़ा मिला।
परिजनों के अनुसार मनोज शराब पीने का आदी था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है।
पुलिस का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।









