हाथरस।दिनांक 14 मई 2026 को महिला थाना हाथरस की टीम ने ऐसा सराहनीय कार्य किया, जिसने पुलिस की छवि को समाज के और अधिक करीब ला दिया।
महिला थाना प्रभारी रितु तोमर के नेतृत्व में नव नियुक्त महिला आरक्षी राधिका और इच्छिता ने स्वप्रेरणा से घुमंतू एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के पांच बच्चों का विद्यालय में प्रवेश कराया।
इन बच्चों में मोहिनी का प्रवेश वी.सी. झूरिया विद्यालय में कराया गया, जबकि काजल और गुड़िया का नामांकन प्राथमिक विद्यालय गिजरौली में तथा पिंकी और सनी का प्रवेश उच्च प्राथमिक विद्यालय गिजरौली में कराया गया।
सिर्फ प्रवेश ही नहीं, बल्कि बच्चों को पुस्तकें, कॉपियां, स्कूल ड्रेस और अन्य जरूरी शैक्षिक सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।
बच्चों के माता-पिता की आंखों में खुशी साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने भावुक होकर बताया कि आर्थिक तंगी के कारण वे वर्षों से अपने बच्चों को स्कूल नहीं भेज पा रहे थे, लेकिन हाथरस पुलिस की इस मानवीय पहल ने उनके सपनों को नई उम्मीद दी है।
इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी रितु तोमर ने बताया कि महिला आरक्षी राधिका और इच्छिता ने प्रशिक्षण के दौरान ही संकल्प लिया था कि वे जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा से जोड़ने का कार्य करेंगी।
इसी भावना के साथ उन्होंने परिवारों से संपर्क किया, अभिभावकों को जागरूक किया और बच्चों के प्रवेश की पूरी प्रक्रिया स्वयं पूरी कराई।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने भी महिला थाना टीम के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस का दायित्व केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना नहीं, बल्कि समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा से जोड़ना समाज और राष्ट्र की सबसे बड़ी सेवा है।
हाथरस पुलिस की यह पहल न केवल शिक्षा की अलख जगा रही है, बल्कि समाज में विश्वास, संवेदनशीलता और मानवता का संदेश भी दे रही है।









