हाथरस। थाना चंदपा क्षेत्र के गांव मोती राय में आठ माह की गर्भवती महिला की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, गांव मोती राय निवासी शिव कुमार की 30 वर्षीय पत्नी अंजू रात के समय अपने घर में सो रही थीं। गर्मी अधिक होने के कारण उनके पास एक तूफानी पंखा चल रहा था।
बताया जा रहा है कि सोते समय अचानक उनका पैर पंखे से टकरा गया, जिससे पंखा उनके ऊपर गिर पड़ा। पंखे में करंट उतर रहा था और उसकी चपेट में आने से अंजू गंभीर रूप से झुलस गईं तथा बेहोश हो गईं।
महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत कमरे में पहुंचे। उन्होंने अंजू को बेहोशी की हालत में देखा और तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि अंजू आठ माह की गर्भवती थीं। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की सूचना मिलने पर थाना चंदपा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।









