हाथरस के सिकंद्राराऊ में गुरुवार को बृज गोपाल कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑफिस पर जीएसटी विभाग की टीम ने छापेमार कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार राधा नगर कॉलोनी स्थित कार्यालय पर मथुरा से पहुंची संयुक्त जीएसटी टीम ने दस्तावेजों की जांच-पड़ताल की।
बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान ऑफिस पर कंपनी का कोई सदस्य मौजूद नहीं मिला। मौके पर केवल एक गार्ड तैनात था, जिससे अधिकारियों ने पूछताछ की और उसे अपने साथ ले गए।
अधिकारियों ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि कंपनी को लेकर काफी समय से शिकायतें प्राप्त हो रही थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है। करीब एक घंटे तक चली जांच के दौरान जीएसटी से संबंधित दस्तावेजों को खंगाला गया। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई और विस्तृत जानकारी मीडिया के साथ साझा की जाएगी।









