हाथरस। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा ईंधन बचाने और सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग की अपील के बाद हाथरस पुलिस द्वारा शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। यह रैली सासनी गेट चौराहे से शुरू हुई, जिसका नेतृत्व पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने किया।
रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को ईंधन संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक वाहनों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की।
अधिकारियों ने कहा कि अनावश्यक रूप से निजी वाहनों का प्रयोग कम कर ईंधन की बचत की जा सकती है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में भी मदद मिलेगी।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि हम सभी को आवश्यकता पड़ने पर ही निजी वाहनों का प्रयोग करना चाहिए और जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देनी चाहिए। इससे न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि यातायात और प्रदूषण की समस्या में भी कमी आएगी।
इस अवसर पर सीओ सिटी हिमांशु माथुर, यातायात प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह राघव, एसआई रामनरेश, एसआई ब्रजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे।









