हाथरस।पुलिस विभाग में वर्षों तक निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा देने वाले कर्मियों के सम्मान में आज पुलिस कार्यालय हाथरस स्थित सभागार कक्ष में एक सादे एवं गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया।
क्षेत्राधिकारी लाइन हाथरस हिमांशु माथुर द्वारा पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त हो रहे दो पुलिसकर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्री श्यामवीर सिंह, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण तथा सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के परिजन भी उपस्थित रहे।
अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर पुलिस विभाग से सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों में रेडियो उप निरीक्षक ब्रहम कुमार दीक्षित एवं मुख्य आरक्षी सहायक पुलिस भगवान सिंह शामिल रहे। दोनों पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के दौरान पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
समारोह के दौरान सेवानिवृत्त हो रहे पुलिसकर्मियों ने अपने सेवाकाल के अनुभवों को साझा किया और पुलिस विभाग के साथ बिताए गए पलों को याद किया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस ने कहा कि सेवानिवृत्त होने के बाद भी पुलिस विभाग सदैव उनके साथ है। यदि भविष्य में उन्हें किसी भी प्रकार की समस्या हो तो वे निसंकोच संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मियों से आग्रह किया कि वे स्वयं को व्यस्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक बनाए रखें तथा पुलिस परिवार से जुड़े रहें।
समारोह के अंत में पुलिस अधीक्षक हाथरस द्वारा सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को माल्यार्पण कर शॉल, रामायण एवं गीता भेंट की गई और सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई।







