हाथरस।थाना सहपऊ पुलिस ने चोरी की एक बड़ी घटना का मात्र 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए सराहनीय कार्य किया है।
दिनांक 30 जनवरी 2026 को वादी ओमप्रताप सिंह पुत्र श्री सौदान सिंह, निवासी ग्राम नगला बिसी, थाना सहपऊ जनपद हाथरस द्वारा थाना सहपऊ पर सूचना दी गई कि दिनांक 29 जनवरी 2026 को उनके परिवार के सभी सदस्य गांव में ही भागवत कथा सुनने गए हुए थे। इसी दौरान अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली गई।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना सहपऊ पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। घटना के सफल अनावरण हेतु पुलिस अधीक्षक हाथरस चीरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में, अपर पुलिस अधीक्षक हाथरस रामानन्द कुशवाहा के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी सादाबाद के पर्यवेक्षण में थाना सहपऊ पुलिस को आवश्यक निर्देश दिए गए।
गठित पुलिस टीमों द्वारा ग्राउंड इंटेलिजेंस, तकनीकी साक्ष्य एवं अन्य प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अथक प्रयास करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर आज दिनांक 31 जनवरी 2026 को थाना सहपऊ पुलिस ने गढ़ी रमजू सादाबाद रोड से चोरी की घटना कारित करने वाले 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा 01 बाल अपचारी को पुलिस निगरानी में लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे एवं निशादेही से चोरी किए गए 03 अंगूठी, 01 मंगलसूत्र, 01 गले की चैन (पीली धातु) तथा 400 रुपये नगद बरामद किए गए हैं।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्तों द्वारा जुर्म स्वीकार करते हुए बताया गया कि उन्होंने अपने शौक-मौज पूरे करने के उद्देश्य से दिनांक 29 जनवरी 2026 को ग्राम नगला बिसी में उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया था। अभियुक्तों से विस्तृत पूछताछ जारी है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में थाना सहपऊ पुलिस द्वारा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।







