हाथरस में आगामी त्योहारों को देखते हुए प्रशासन और पुलिस विभाग अलर्ट मोड पर है। बुधवार को उपजिलाधिकारी सदर, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और क्षेत्राधिकारी नगर ने संयुक्त रूप से शहर में संचालित पटाखा एवं आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानों पर अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आग से बचाव के इंतजाम, पटाखों के सुरक्षित भंडारण, दुकानों के बीच निर्धारित दूरी और विद्युत सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा।
अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्धारित मानकों के अनुसार ही पटाखों की बिक्री और भंडारण करने के निर्देश दिए। साथ ही दुकानों के आसपास ज्वलनशील पदार्थ नहीं रखने और धूम्रपान पर पूर्ण प्रतिबंध रखने की हिदायत दी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों में लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देशन में हाथरस पुलिस द्वारा त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है।










