हाथरस।दीपावली का पर्व दूसरों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का संदेश देता है। इसी संदेश को साकार करते हुए हाथरस के निस्वार्थ सेवा संस्थान ने जरूरतमंद परिवारों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। संस्थान की ओर से नियमित मासिक राशन वितरण अभियान के तहत जरूरतमंद परिवारों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।
इस दौरान महिलाओं को साड़ियां और पुरुषों को दुशाले भेंट किए गए। वहीं बच्चों के लिए मिठाई, खील, खिलौने और घरों को रोशन करने के लिए दीपक भी वितरित किए गए। संस्थान के सदस्यों ने परिवारों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
संस्थान पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों को प्रतिमाह आटा, चावल, दाल, तेल, चीनी सहित अन्य राशन सामग्री के साथ फल और हरी सब्जियां उपलब्ध करा रहा है।
संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील अग्रवाल ने कहा कि दीपावली की वास्तविक खुशी तभी सार्थक है, जब समाज के हर वर्ग तक त्योहार की खुशियां पहुंचें और किसी जरूरतमंद के घर में अंधेरा न रहे।
इस अवसर पर प्रवक्ता हिमांशु गौड़, सारांश टालीवाल, निष्कर्ष गर्ग, ध्रुव कोठीवाल, आशीष अग्रवाल, सतेंद्र मोहन, अवधेश कुमार बंटी, दीपांशु वार्ष्णेय सहित संस्थान के अन्य सदस्य मौजूद रहे।










