हाथरस में वरिष्ठ अधिवक्ता सुरेंद्र पाराशर और उनके पुत्र के खिलाफ सादाबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मुकदमा दर्ज किए जाने के विरोध में मंगलवार को रेवेन्यू बार एसोसिएशन हाथरस के अधिवक्ताओं ने सदर तहसील परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए उपजिलाधिकारी सुबेन्दू गोपाल को ज्ञापन सौंपा।
अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से दर्ज मुकदमे को तत्काल निरस्त करने और भविष्य में किसी भी अधिवक्ता के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज नहीं किए जाने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 72 घंटे के भीतर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अधिवक्ता उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन की अध्यक्षता बार एसोसिएशन अध्यक्ष सत्यप्रकाश वर्मा एडवोकेट ने की, जबकि संचालन महासचिव अमित कुमार उपाध्याय एडवोकेट ने किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।










