हाथरस। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल जिला हाथरस के तत्वावधान में बुधवार को हुतात्मा दिवस के अवसर पर मुरसान गेट स्थित माहौर गेस्ट हाउस के जय मां कैला ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 32 कार्यकर्ताओं ने रक्तदान कर जरूरतमंदों की मदद का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं श्रीराम दरबार के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजेश दिवाकर और उद्घाटनकर्ता नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी मौजूद रहीं।

संगठन के पदाधिकारियों ने अतिथियों का पटका पहनाकर, प्रतीक चिह्न एवं गुलदस्ता भेंट कर स्वागत और सम्मान किया। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने पूज्य अशोक सिंघल को स्मरण करते हुए रक्तदान किया और बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

जिला मंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि हुतात्मा दिवस राम जन्मभूमि आंदोलन के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर कारसेवकों के बलिदान की याद दिलाता है। रक्तदान कर किसी जरूरतमंद का जीवन बचाना शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि है।

कार्यक्रम में विभाग संगठन मंत्री उमाकांत जी, जिला संगठन मंत्री देवराज जी, प्रांत समरसता टोली सदस्य मुकेश सूर्यवंशी, जिला संयोजक हर्षित गौड़ सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। शिविर के अंत में सभी रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया।
इस दौरान ‘रक्तदान करें, जीवन बचाएं’ का संदेश भी दिया गया।










