हाथरस। मेरा युवा भारत, हाथरस की ओर से बुधवार को DIET कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद एवं अपने वोट को जानें’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्वेता चौधरी मौजूद रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला युवा अधिकारी मनीष कुमार ने मेरा युवा भारत की गतिविधियों और उद्देश्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रस्तुतीकरण दिया।
वहीं युवा आइकॉन अश्विनी चौहान ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्वेता चौधरी और युवाओं के बीच खुला संवाद भी हुआ। इसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सवाल पूछे, जिनका अध्यक्ष ने जवाब दिया। उन्होंने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया, मतदान के महत्व और मताधिकार के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने लोकतांत्रिक शपथ लेकर जागरूक नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया। महाविद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।










