हाथरस में आज सुबह से घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे विजिबिलिटी मात्र 10 मीटर रह गई। घने कोहरे के कारण सड़कों पर वाहनों की आवाजाही धीमी पड़ गई और चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
कोहरे और सर्दी ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित किया। शहर की सड़कों पर सुबह सन्नाटा पसरा रहा और लोगों की आवाजाही कम रही। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव तापते दिखे। आज का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
घने कोहरे का असर यातायात व्यवस्था पर भी पड़ा है। रोडवेज बसों में यात्रियों की संख्या में कमी देखी गई। वहीं, कई ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से देरी से चल रही हैं।
सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस निरस्त…
हाथरस जंक्शन पर आने वाली सिक्किम महानंदा एक्सप्रेस को रद्द कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, फरक्का एक्सप्रेस 6 घंटे, संबलपुर एक्सप्रेस 3 घंटे, नेताजी एक्सप्रेस ढाई घंटे और गोमती एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से चल रही हैं। इन देरी के कारण यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।







