सीएमओ कार्यालय में अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने महिला बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ किया गिरफ्तार

0
5

 

हाथरस से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यूपी के हाथरस में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन टीम ने सीएमओ कार्यालय में छापा मारा है। इस कार्रवाई में अलीगढ़ एंटी करप्शन टीम ने महिला बाबू बबीता सिंह को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला बाबू ने बी फार्मा के एक मेडिकल छात्र से इंटर्नशिप के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी।

पीड़ित छात्र ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना बनाकर जाल बिछाया। जैसे ही महिला बाबू ने रिश्वत की रकम ली, मौके पर मौजूद टीम ने उसे तुरंत धर दबोचा। इस कार्रवाई से सीएमओ कार्यालय में हड़कंप मच गया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी महिला बाबू को महिला थाने ले जाया गया, जहां एंटी करप्शन टीम द्वारा उससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। फिलहाल टीम आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस पूरे मामले ने एक बार फिर सरकारी दफ्तरों में फैले भ्रष्टाचार पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here