यूपी के जनपद हाथरस के थाना कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र के विद्यानगर के जोगिया मार्ग पर स्थित सरसों के खेतों में बीती रात एक तेंदुए ने पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले की यह पूरी घटना पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है कि तेंदुआ किस तरह पालतू कुत्ते पर हमला कर रहा है।
जब मकान मालिक को घटना की जानकारी हुई तो उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत स्थानीय लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की जानकारी वन विभाग व पुलिस को दी गई।
इलाके में अचानक तेंदुआ दिखाई देने से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों को आशंका है कि कहीं तेंदुआ अब इंसानों पर हमला न कर दे।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया जाए, ताकि जल्द से जल्द उसे पकड़कर इलाके के लोगों को राहत दिलाई जा सके।







