सासनी क्षेत्र के गांव नया नगला में इन दिनों जलभराव और कीचड़ ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गांव की मुख्य सड़क पर जमा गंदा पानी और कीचड़ विकास के दावों की पोल खोलता नजर आ रहा है। हालत यह है कि ग्रामीणों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है और रोजमर्रा की आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार नालियों की नियमित सफाई न होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण नालियों का गंदा पानी सड़कों पर फैल गया है। इससे पूरे इलाके में गंदगी का माहौल बना हुआ है। गांव निवासी खन्ना ठाकुर ने बताया कि यह सड़क लंबे समय से इसी बदहाल स्थिति में है, लेकिन अब तक समस्या के स्थायी समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
ग्रामीण ओमवीर ने कहा कि कीचड़ और जलभराव के कारण राहगीरों को आए दिन फिसलने का डर बना रहता है। वहीं पिंकी देवी ने चिंता जताई कि गंदगी और मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से बच्चों और बुजुर्गों में संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीण सुनील के अनुसार कीचड़ की वजह से दुपहिया वाहन चालक आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
इस संबंध में ग्राम प्रधान ने बताया कि नालियों के चोक होने से समस्या उत्पन्न हुई है और जल्द ही सफाई कार्य कराकर जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा।







