सादाबाद में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची से जुड़े अभिलेखों का सत्यापन कार्य तेज हो गया है। नोटिस मिलने के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने मतदाता फार्म दुरुस्त कराने के लिए ब्लॉक कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय और तहसील परिसर पहुंच रहे हैं, जिससे इन दफ्तरों में लगातार भीड़ देखी जा रही है।
खंड विकास कार्यालय में खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार की देखरेख में मतदाता फार्मों का परीक्षण किया जा रहा है। नगर पंचायत कार्यालय में जिला सांख्यिकी अधिकारी वीरेंद्र कुमार स्वयं दस्तावेजों का सत्यापन कर रहे हैं। इसी तरह, तहसील प्रसार भवन में नायब तहसीलदार अशोक कुमार गुप्ता प्राप्त नोटिसों के आधार पर मतदाताओं के अभिलेखों की जांच और सुधार करा रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं, वे अपने पहचान पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंच रहे हैं। फार्म में नाम, पता, आयु या फोटो में किसी भी त्रुटि को मौके पर ही सुधारा जा रहा है
दफ्तरों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर अपने आवश्यक कागजात लेकर आएं और सत्यापन कार्य में सहयोग करें, जिससे मतदाता सूची को शुद्ध और अद्यतन बनाया जा सके।







