हाथरस। तेंदुए की तलाश में वन विभाग की टीम ने लोगों की सूचना पर गांव जोगिया पहुंचकर ड्रोन की मदद से सर्च ऑपरेशन चलाया। टीम ने ग्रामीणों से तेंदुए की मौजूदगी को लेकर जानकारी भी जुटाई।
ग्रामीणों के अनुसार, रविवार रात एक तेंदुए ने एक पालतू कुत्ते पर हमला कर दिया था। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद गांव में दहशत का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से तेंदुए जैसे साक्ष एकत्र किए। इसके बाद ड्रोन की सहायता से आसपास के खेतों और इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन तेंदुआ पकड़ में नहीं आ सका।
तेंदुआ न पकड़े जाने के कारण गांव जोगिया के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनज़र ग्रामीणों ने बच्चों को घरों से बाहर न निकलने की हिदायत दी है।







