मढ़नई गांव में रास्तों पर हो रहा जलभराव, कीचड़ से होकर निकलने को मजबूर स्कूली बच्चे व ग्रामीण

0
2

 

हाथरस के सादाबाद के मढ़नई गांव में मुख्य मार्ग वर्षों से बदहाल है। यह रास्ता अटलेश्वर महादेव मंदिर, पंचायत घर, जन सेवा केंद्र और कई स्कूलों को जोड़ता है। साथ ही, ग्राम एदलपुर को जाने वाला मुख्य मार्ग भी इसी से होकर गुजरता है। सड़क का निर्माण न होने के कारण यहां लगातार जलभराव और कीचड़ की समस्या बनी रहती है।

ग्रामीण दीपू चौधरी, सत्यवीर गंधार और धर्मवीर सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायतें दर्ज कराई हैं। हालांकि, अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार, बारिश होते ही सड़क तालाब में बदल जाती है। स्कूल जाने वाले छोटे बच्चे रोजाना कीचड़ में गिरते-पड़ते निकलने को मजबूर हैं। अटलेश्वर महादेव मंदिर इसी रास्ते पर होने के कारण श्रद्धालु भी इसी बदहाल मार्ग से गुजरते हैं।

पंचायत सचिवालय और जन सेवा केंद्र भी इसी मार्ग के पास स्थित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों ग्रामीण आते-जाते हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इसके बावजूद ग्राम प्रधान और पंचायत अधिकारी इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इससे ग्रामीणों में आक्रोश है और वे अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।

इस मामले में खंड विकास अधिकारी सुरेश कुमार सिंह ने बताया कि सड़क की दुर्दशा उनके संज्ञान में है। उन्होंने पंचायत सचिव को निर्देश दिए हैं कि इस मार्ग को कार्य योजना में शामिल कर जल्द से जल्द इसका निर्माण कराया जाए।

ग्रामीण अब उम्मीद कर रहे हैं कि केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जल्द ही धरातल पर सड़क निर्माण का कार्य शुरू होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here