हाथरस। हाथरस में आगामी 7 फरवरी को आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन को लेकर हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं द्वारा शहर में व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पंपलेट और स्टीकर वितरित कर लोगों को सम्मेलन की जानकारी दी।
हिंदू जागरण मंच के पदाधिकारियों ने बताया कि 7 फरवरी को शहर के डीआरबी इंटर कॉलेज मैदान में भव्य हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन का उद्देश्य हिंदू जागरण की दिशा को नई ऊर्जा और चेतना प्रदान करना, साथ ही सनातन संस्कृति, सनातन धर्म और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है।
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में सद्गुरु रितेश्वर महाराज (श्रीधाम वृंदावन) पधारेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में प्रांत प्रचारक ब्रज प्रांत विनोद जी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम में अधिक से अधिक हिंदू भाइयों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए आमंत्रण पत्र वितरित किए गए।
प्रचार अभियान के दौरान अभिषेक रंजन आर्य और संदीप शर्मा सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचे और पंपलेट व पोस्टर वितरित कर लोगों से सम्मेलन में शामिल होने की अपील की।









