सिकंदराराऊ। कस्बा के मोहल्ला खिजरगंज निवासी एक 20 वर्षीय युवक की मंगलवार को सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया और मोहल्ले में मामत पसर गया ।
बताया जाता है कि मोहल्ला खिजरगंज निवासी 20 वर्षीय रहमान अंसारी पुत्र जमील उर्फ गुड्डू अंसारी मंगलवार की सुबह 11 बजे करीब बाइक पर सवार होकर कासगंज से अपने घर लौट रहा था। कासगंज से निकलते ही रास्ते में बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिबाइडर से टकरा गई । हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया । आनन फानन में उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया । जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया । घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हाहाकार मच गया । युवक की मौत से मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई । परिजन युवक के शव को घर वापस ले आए। परिजनो ने गमगीन माहौल में मृतक युवक के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।









