हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के नगला बेरिया गांव में बुधवार को पति के उत्पीड़न से तंग आकर एक 19 वर्षीय विवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की पहचान नगला बेरिया निवासी राजा की पत्नी सिमरन (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सिमरन की शादी करीब 11 महीने पहले हुई थी। परिजनों का कहना है कि सिमरन को उसके ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
घटना की जानकारी मिलने पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और ससुराल वालों पर उत्पीड़न करने के आरोप लगाए। मृतका के पिता मेघ सिंह, निवासी रम नगला, ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 11 महीने पहले हुई थी और उसका पति सिलाई का काम करता है।
उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जब वे मौके पर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार मिले।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है।









