शादी में जा रहे बाइक सवारों को ट्रैक्टर ने मारी टक्कर, तीन
हाथरस।सासनी के इगलास रोड स्थित गंगाधाम कॉलोनी के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जहाँ बाइक और ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
रामनगर, थाना सिकंदरा राऊ निवासी संदीप पुत्र तिलक सिंह, अपनी माता कूका देवी और सीमा देवी पत्नी किशन लाल व आशीष पुत्र राजकुमार के साथ बाइक पर सवार होकर इगलास में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक गंगाधाम कॉलोनी के समीप पहुँची, तभी बाइक सवार की बाइक एक ट्रैक्टर से टकरागई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर लहुलुहान हो गए।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने भागने का प्रयास कर रहे ट्रैक्टर चालक को मौके पर ही दबोच लिया। सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस भी घटना स्थल पर पहुँच गई। एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया। घायलों में संदीप की हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया है। पुलिस ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जाँच शुरू कर दी है।









