हाथरस। घर के बाहर खेल रहे एक मासूम बच्चे को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार थाना मुरसान क्षेत्र के गांव किला मढ़ैया निवासी तीन वर्षीय बरुन उर्फ यश, पुत्र रूपकिशोर, अपने घर के पास सड़क पर खेल रहा था। इसी दौरान एक कार चालक ने उसे टक्कर मार दी, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद परिजन घायल बच्चे को आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मासूम को मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। शोकाकुल परिजन मासूम के शव को लेकर रोते-बिलखते गांव वापस चले गए।







