हाथरस में 85 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला पर जानलेवा हमला किया गया, जिसके बाद देर रात अलीगढ़ में उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। हमलावरों ने महिला के गहने भी लूट लिए। पुलिस ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना मुरसान के गांव कटेला में हुई, जहां प्रेमवती देवी पत्नी हर प्रसाद नामक यह बुजुर्ग महिला खेतों में बने एक मंदिर पर अकेली रहती थीं।
कल दोपहर कुछ अज्ञात लोगों ने उन पर हथौड़े या किसी भारी वस्तु से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। परिजनों के अनुसार, प्रेमवती देवी आँखों से देख पाने में असमर्थ थीं। घटना के समय उनके बेटे खेत के अन्य कामों में व्यस्त थे। जब उनका बेटा वापस कमरे पर लौटा, तो उसने अपनी मां को लहूलुहान और अचेत अवस्था में पाया। घायल महिला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था। अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में देर रात प्रेमवती देवी ने दम तोड़ दिया। हमलावर महिला के कान से कुंडल और नाक से लोंग भी लूट कर ले गए थे। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। एक आरोपी की पहचान हो गई है और पुलिस उसे तलाश कर रही है।







