थाना मुरसान पुलिस द्वारा थाना मुरसान क्षेत्रांतर्गत किला मढैया कस्बा मुरसान में घटित सड़क दुर्घटना के उपरांत उत्पन्न विवाद एवं कानून व्यवस्था भंग करने के प्रयास के संबंध में 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
अवगत कराना है कि दिनांक 08 फरवरी 2026 को थाना मुरसान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि किला मढैया कस्बा मुरसान में एक अर्टिगा वाहन के चालक द्वारा तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए लगभग 03 वर्ष के एक मासूम बच्चे को टक्कर मार दी गई, जिससे बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों द्वारा घायल बच्चे को उपचार हेतु जिला अस्पताल हाथरस ले जाया गया, जहाँ उपचार के दौरान उसकी दुःखद मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर थाना मुरसान पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन चालक एवं वाहन के कंडक्टर को हिरासत में लिया गया तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना मुरसान पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
इसके पश्चात मृतक बच्चे के परिजनों एवं कुछ ग्रामवासियों द्वारा थाना मुरसान के सामने जाम लगाकर हिरासत में लिए गए चालक एवं कंडक्टर को उनके हवाले करने की मांग की गई। पुलिस द्वारा लाउडहेलर के माध्यम से की जा रही विधिक कार्यवाही की जानकारी जनता को दी जा रही थी।
इसी दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा रेलवे लाइन पर पड़े पत्थरों से थाना मुरसान पर पथराव कर दिया गया, जिससे कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न हो गई। उक्त घटना के संबंध में भी थाना मुरसान पर पथराव करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया।
पुलिस अधीक्षक हाथरस श्री चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा घटना को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्राधिकारी सादाबाद के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना मुरसान को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु निर्देशित किया गया। जिसके क्रम में दिनांक 09 फरवरी 2026 को थाना मुरसान पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त अभियोग से संबंधित कुल 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही जारी है।









