हाथरस के हसायन कोतवाली क्षेत्र के कमसारा गांव से एक 25 वर्षीय विवाहित महिला लापता हो गई है। तीन बच्चों की मां यह महिला 6 फरवरी को पुरदिलनगर कस्बा दवा लेने गई थी, जिसके बाद से वह वापस नहीं लौटी। पति ने हसायन कोतवाली में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
महिला के पति निरोत्तम सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी बबली 6 फरवरी, शुक्रवार को सुबह करीब 11 बजे दवा लेने के लिए पुरदिलनगर गई थी। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों और ससुराल वालों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
निरोत्तम सिंह ने 10 फरवरी, मंगलवार को अपने परिजनों के साथ हसायन कोतवाली पहुंचकर पत्नी की गुमशुदगी की लिखित तहरीर दी।
निरोत्तम सिंह के अनुसार, उनकी पत्नी बबली की उम्र 25 वर्ष है, रंग गेहुंआ और कद पांच फुट एक इंच है। उसके बाएं हाथ पर पति का नाम ‘निरोत्तम सिंह’ और बाएं हाथ की बाजू पर अंग्रेजी में ‘मॉम डैड’ लिखा है। लापता होने के समय उसने नीले रंग की साड़ी पहनी हुई थी।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक गिरीश चंद्र गौतम ने पुष्टि की कि विवाहिता के पति की शिकायत पर गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस ने लापता महिला की तलाश शुरू कर दी है।









