हाथरस। पूर्वोत्तर रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही मृतक के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और वे पोस्टमार्टम गृह पहुंच गए।
बता दे कि थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड स्थित बौहरे वाली देवी मंदिर के पास यह हादसा हुआ। मृतक की पहचान 40 वर्षीय हरिशंकर पुत्र लाल मानसिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार हरिशंकर प्रतिदिन की तरह देवी मंदिर में दर्शन करने गए थे, इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने रेलवे ट्रैक से शव को हटवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि मृतक खेती-बाड़ी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे और रोजाना देवी मां के दर्शन के लिए आते थे।
हादसे के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।










